छत्तीसगढ़ः बिलासपुर में नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी मंडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करेले छांट रहे एक युवक को कोबरा सांप ने डस लिया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांप निकलने की घटना के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के जरिए बरसात के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
View this post on Instagram
सरकंडा क्षेत्र के बहतराई में रहने वाले बिहारी साहू बाजार में मंगलवार को सब्जी खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान वह करेले के ढेर में से करेला छांट रहे थे तभी अचानक वहां छिपा कोबरा फन फैलाकर बाहर निकल आया। कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सांप ने उनके पैर में डस लिया।
घटना के बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कोबरा निकलने की खबर फैलते ही लोग सब्जियां छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। वहीं सब्जी विक्रेताओं में भी दहशत का माहौल बन गया।

