रांची: मध्य प्रदेश के 2 प्रतिभाशाली एथलीट्स ने 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में 5.45 मीटर की ऊंचाई पार करके नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने रांची में आयोजित प्रतियोगिता में पुरुषों की पोल वॉल्ट के पिछले नेशनल रिकॉर्ड (5.41 मीटर) को बेहतर बनाया। स्वर्ण पदक देव कुमार मीणा के नाम रहा, जबकि कुलदीप कुमार को (काउंटडाउन के आधार पर) रजत पदक से संतोष करना पड़ा। जब दो या उससे ज्यादा एथलीट एक ही समान हाइट पर छलांग मारते हैं तो विजेता उस खिलाड़ी को माना जाता है, जिसने कम प्रयास लिए हो। इसी वजह से देव कुमार मीणा को गोल्ड मेडल मिला।
5.41 मीटर का पिछला रिकॉर्ड हाल ही में भुवनेश्वर में कुलदीप कुमार ने ही बनाया था। स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले इन दोनों एथलीट्स ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए निर्धारित 5.25 मीटर का क्वालिफिकेशन मानक भी हासिल कर लिया है। इस प्रतियोगिता का पिछला रिकॉर्ड 5.35 मीटर था, जिसे पिछले साल देव कुमार मीणा ने ही बनाया था। वहीं दूसरी ओर नया रिकॉर्ड बनते ही उनमें खुशी की लहर दौड़ पड़ी और स्टेडियम भी तालियों से गूंज उठा।
लंबी कूद स्पर्धा में मुरली श्रीशंकर ने 8.08 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उनका यह प्रदर्शन कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) के लिए निर्धारित 8.05 मीटर के क्वालिफिकेशन मानक से भी बेहतर था। पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे का दबदबा रहा। स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन्होंने 2.28 मीटर की ऊंचाई पार की, जो कि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए निर्धारित 2.22 मीटर के मानक से कहीं बेहतर था।
