नालंदाः बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन एनएच-20 पर दीपनगर थाना क्षेत्र के सकरौल गांव के पास अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे के दौरान बाइक में भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो चालक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार युवक को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार युवक सड़क से दूर जा गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बुझाया। हालांकि तब तक बाइक पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका था। घटना के बाद स्कॉर्पियो पर सवार 5 लोग वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, गाड़ी के रेडिएटर में रिसाव होने के कारण स्कॉर्पियो ज्यादा दूर नहीं जा सकी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और चालक को दबोच लिया, जबकि गाड़ी में सवार अन्य चार लोग मौके से फरार होने में सफल रहे। ग्रामीणों ने पकड़े गए चालक को सूचना पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पहचान के लिए बिहार शरीफ स्थित मॉडल अस्पताल भेज दिया है। स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि फरार अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
