चंडीगढ़ः पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। 15 मई को पहली बार तेल की कीमतों में वृद्धि हुई थी। तब से लेकर अब तक पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.82 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। पेट्रोल के दाम में 2.60 रुपए और डीजल में 2.70 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। चंडीगढ़ में पहली बार पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार चला गया है। यहां 2.5 रुपए बढ़ने के बाद पेट्रोल अब 101.53 रुपए प्रति लीटर और 2.53 रुपए बढ़ने के बाद डीजल 89.63 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, पंजाब में पेट्रोल अब 105.44 रुपए और डीजल 95.38 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
मोहाली में पेट्रोल का रेट सबसे ज्यादा 105.99 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर आप प्रवक्ता बलजेत पन्नू ने भाजपा पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज सुबह चौथी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतें फिर से बढ़ाई गई। पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.82 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह किसानी के लिए जहां नुकसानदेह है, वहीं बिजनैस पर भी इसका खासा प्रभाव पड़ रहा है। पन्नू ने कहा कि आम जनता की जिदंगी पर इसका काफी प्रभाव पड़ रहा है।
वहीं सुनील जाखड़ पर तंज कसते हुए पन्नू ने कहा कि पता नहीं वह किस मुंह से प्रेस वार्ता कर रहे लोगों से पार्टी के लिए वोट मांग रहे है। उन्होंने कहा कि देश भर में पेट्रोल-डीजल में 7.30 रुपए की बढ़ौतरी करने के बाद वह किस मुंह से पंजाब के लोगों को भाजपा को वोट करने की अपील कर रहे है। पन्नू ने कहा कि पंजाब किसानी से संबंधित है और धान का सीजन शुरू होने जा रहा है। वहीं पंजाब में विधानसभा चुनाव भी शुरू होने जा रहे है। ऐसे में उससे पहले किसानों पर पेट्रोल-डीजल का बोझ उस तरह है, जिस तरह किसानों पर 3 काले खेती कानून भाजपा द्वारा लाए गए थे।
