चंडीगढ़ /मलोट/श्री मुक्तसर साहिब: पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के संरक्षण और कुशल नेतृत्व में नशों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और नशा मुक्त अभियान के तहत आज मलोट में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि नशों के मुकम्मल खात्मे के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नशे पर नियंत्रण के लिए ग्रामीण और शहरी स्तर पर नशा विरोधी समितियों का गठन किया गया है। नशा बेचने वालों की सूचना देने वाले लोगों का नाम पुलिस प्रशासन द्वारा गुप्त रखा जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि उनका कोई साथी गलत रास्ते की ओर बढ़ रहा है तो उसे अकेला न छोड़ा जाए, बल्कि प्यार और हौसले के साथ उसे सही दिशा में लाया जाए।

उन्होंने अभिभावकों, अध्यापकों, पंचायतों, यूथ क्लबों और सामाजिक संस्थाओं को भी इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने समारोह में शामिल युवाओं, युद्ध क्लबों, खिलाड़ियों और गणमान्य व्यक्तियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई।