ऊना, सुशील पंडित : बाल विकास परियोजना ऊना के पर्यवेक्षक वृत्त झलेड़ा के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र रामपुर बाहती ब्राह्मण मोहल्ला में शुक्रवार को समर कैम्प रेडीनेस मेला-1 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यवेक्षक कुलवीर कौर ने की। मेले का उद्देश्य छोटे बच्चों को खेल-खेल में विद्यालयी शिक्षा के लिए तैयार करना और अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना रहा।
मेले में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, उनके माता-पिता, दादा-दादी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से उन्हें सीखने, समझने और अपनी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में अभिभावकों को बच्चों के प्रारंभिक विकास, स्कूल रेडीनेस, भाषा कौशल, सामाजिक व्यवहार और घर पर सीखने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पर्यवेक्षक कुलवीर कौर ने कहा कि समर रेडीनेस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालय में प्रवेश के लिए मानसिक, सामाजिक और व्यवहारिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि जब परिवार और आंगनवाड़ी केंद्र मिलकर बच्चों की शिक्षा की नींव मजबूत करते हैं तो बच्चे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सीखने की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा एवं विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
