24 से 26 जून तक जिला स्तरीय पीपलू मेला, कुटलैहड़ प्रवास पर आयेंगे सीएम
ऊना /सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जिला स्तरीय ऐतिहासिक पीपलू मेले तथा 26 जून को आयोजित होने वाली भव्य बंगाणा स्टार नाइट में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने विधायक द्वारा दिए गए इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पीपलू मेला कुटलैहड़ क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस मेले में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मेले को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, जबकि 26 जून को आयोजित होने वाली बंगाणा स्टार नाइट भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से क्षेत्र वासियों का उत्साह कई गुना बढ़ेगा और मेले की गरिमा में भी वृद्धि होगी।
राज्य के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि पीपलू मेला उनके लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बचपन की अनेक यादों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उनका विधानसभा क्षेत्र और पैतृक गांव पीपलू स्थित नर सिंह नारायण मंदिर से मात्र लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर है। उन्होंने कहा कि बचपन के दिनों में वह कई बार अपने परिवार और मित्रों के साथ पीपलू मेले में आया करते थे। उन्होंने कहा कि आज भी उस मेले की रौनक, लोगों का उत्साह और आपसी भाईचारे का वातावरण उनकी स्मृतियों में ताजा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि पुरातन सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है और प्रदेश सरकार भी इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
26 जून को बंगाणा स्टार नाइट में उमड़ेगा जनसैलाब
विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि 26 जून को बंगाणा में आयोजित होने वाली स्टार नाइट में प्रदेश और पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय पीपलू मेले में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सहयोग दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन जाएगा।
