संगरूर: पंजाब में क्राइम के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने भगौड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए है। वहीं इस कार्रवाई की वजह से इलाके में होने वाली एक वारदात और हत्या होने से टल गई। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि थाना सिटी सुजान के एरिया में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक नामी अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 गैरकानूनी पिस्टल 32 बोर, 3 मैगजीन और 8 राउंड 32 बोर सहित एक ब्रिजा कार (नंबर HR-14M-4194) बरामद की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ़ मनी पुत्र बूड़ा सिंह, निवासी जगतपुरा बस्ती, सुजान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह आरोपी पिछले लगभग 6 महीनों से फरार था और इसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न संगीन मामलों में करीब 10 मामले दर्ज हैं। इस बार पुलिस ने थाना सिटी सुजान में मुक़दमा संख्या 261, दिनांक 08.12.2025 के तहत बी.एन.एस. (BNS) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे दबोचा है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पता चला है कि आरोपी मनप्रीत सिंह इन अवैध हथियारों के साथ सुजान की परमानंद बस्ती में रहने वाले लखविंदर सिंह उर्फ़ लक्की उर्फ़ पैंथर की हत्या करने की फिराक में था। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर एक भयानक वारदात को होने से रोका है। पुलिस अब आरोपी का रिमांड लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे और भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की आशा है।
