लुधियानाः जिले के थरीके गांव के सुआ रोड पर आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खाली प्लॉट में एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलने पर लोग एकत्रित हो गए और लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय करण के रूप में हुई है। करण राजगुरु नगर का रहने वाला था और पेशे से बाइक रिपेयरिंग (मैकेनिक) का काम करता था।
परिजनों के मुताबिक करण कल सुबह अपने घर से काम के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन आज सुबह थरीके सुआ रोड के पास एक खाली प्लॉट में उसकी लाश मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि युवक के मुंह पर काफ़ी चोटें आई है। ऐसे में युवक के मर्डर की भी आशंका जताई जा रही है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज करके आगेे की कार्रवाई की जाएगी।
