बंगाणा,सुशील पंडित: कुटलैहड़ क्षेत्र के अगलौर स्थित 10 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना में पशुपालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें पशुपालकों को बेहतर नस्ल के पशुओं के पालन-पोषण, बीमारियों से बचाव, दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालन के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बंगाणा उपमंडल के वरिष्ठ पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सौर ऊर्जा परियोजना के प्रबंधक देवराज सौखला ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश कुमार जंगा ने कहा कि पशुपालन किसानों की आर्थिकी मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। किसानों को अच्छी नस्ल के पशु पालने के साथ उनकी उचित देखभाल पर विशेष ध्यान देना चाहिए। स्वस्थ पशु ही अधिक और गुणवत्तापूर्ण दूध का उत्पादन कर सकते हैं।
इसके लिए पशुओं को संतुलित आहार देना, स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाना, उनके रहने के स्थान की साफ-सफाई रखना और समय पर टीकाकरण करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पशुओं को बीमारियों से बचाकर पशुपालक आर्थिक नुकसान से भी बच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बाजार में मिलने वाले बनावटी और मिलावटी दूध के बजाय लोगों को घरों में अच्छे पशु पालकर शुद्ध दूध का उत्पादन करना चाहिए। इससे परिवार को पौष्टिक दूध मिलेगा और अतिरिक्त दूध बेचकर किसान अपनी आमदनी भी बढ़ा सकेंगे।
प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
डॉ. जंगा ने कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने की जरूरत है। लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ खेती और पशुपालन को भी बढ़ावा देना चाहिए। प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर इनका लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दूध की कीमत लगभग 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने से पशुपालकों के लिए आय बढ़ाने के अच्छे अवसर पैदा हुए हैं। ऐसे में अच्छी नस्ल के पशुओं का पालन और उनकी उचित देखभाल किसानों की आर्थिक स्थिति बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रहने की सलाह
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश कुमार जंगा ने युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है। बच्चों को अच्छे संस्कार अपनाने के साथ पढ़ाई और खेलकूद में रुचि लेनी चाहिए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां के प्रधानाचार्य देवेंद्र चौहान ने भी विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन का अत्यधिक इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई, मानसिक विकास और दिनचर्या पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। इसलिए बच्चों को मोबाइल का सीमित उपयोग करना चाहिए और अधिक समय पढ़ाई, खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाना चाहिए।
अंत में सौर ऊर्जा परियोजना के प्रबंधक देवराज सौखला ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पशुपालक, किसान, गणमान्य व्यक्ति और अन्य लोग उपस्थित रहे।

