संत-महात्माओं से लिया आशीर्वाद
ऊना/सुशील पंडित : सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने गोपाल गौशाला, रायपुर सहोड़ा (बाड़े) में आयोजित मूर्ति स्थापना दिवस समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया तथा संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने मूर्ति स्थापना दिवस के पावन अवसर पर श्रद्धा भाव से शीश नवाया और संतों के सानिध्य में समय व्यतीत किया। उन्होंने इस धार्मिक आयोजन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोने और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज को आध्यात्मिक चेतना, संस्कारों और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। गोसेवा भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपरा रही है और गौशालाएं इस परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में अहम योगदान दे रही हैं। इस अवसर पर गोपाल गौशाला में श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण रहा।

