लंबे संघर्ष के बाद डिपो संचालकों को मिली राहत
अप्रैल 2022 से लागू होगी बढ़ी हुई दरें : मुकेश शर्मा
ऊना (सुशील पंडित): पीडीएस डिपो संचालकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने डिपो होल्डरों के कमीशन में बढ़ोतरी कर दी है। एपीएल श्रेणी के राशन पर मिलने वाला कमीशन 70 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। वहीं, एनएफएसए श्रेणी के राशन पर मिलने वाला कमीशन 143 रुपये से बढ़ाकर 195 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। बढ़ा हुआ कमीशन अप्रैल 2022 से लागू किया गया है। आने वाले समय में इसका लाभ सभी सहकारी सभाओं और उचित मूल्य की दुकान संचालकों को मिलेगा।
यह जानकारी शुक्रवार को ऊना ब्लॉक में आयोजित पीडीएस डिपो संचालक समिति जिला ऊना की बैठक में समिति के जिला प्रधान एवं हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि डिपो होल्डरों के लिए यह खुशी और राहत का बड़ा पल है। लंबे समय से डिपो संचालक अपने कमीशन में बढ़ोतरी की मांग उठा रहे थे। इस मांग को लेकर समिति के पदाधिकारी पूर्व विधायक के साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विभाग के उच्च अधिकारियों से कई बार शिमला में मिल चुके हैं। इसके अलावा सरकार को कई बार ज्ञापन भी सौंपे गए।
मुकेश शर्मा ने कहा कि सरकार के इस फैसले से डिपो संचालकों में नई उम्मीद जगी है। हालांकि, डिपो होल्डरों की कई अन्य मांगें अभी लंबित हैं। समिति को उम्मीद है कि सरकार शेष मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर उनका समाधान करेगी।
इस अवसर पर ऊना ब्लॉक के प्रधान सागर पुरी ने कमीशन बढ़ाने के लिए पीडीएस डिपो संचालक समिति के अध्यक्ष जगदीश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, महासचिव हरीश सीपी सहित अन्य पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समिति के पदाधिकारी डिपो संचालकों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे और कई बार शिमला जाकर अधिकारियों व सरकार के समक्ष पक्ष रखा।
बैठक में ऊना ब्लॉक डिपो संचालक समिति के अध्यक्ष सागर पुरी, सहकारी सभा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजकुमार, उपाध्यक्ष विनय ठाकुर, विजय आगरा, तिलकराज मेहरा, संजीवन कुमार, सुरेश कुमार, रविंद्र कुमार, बलवंत कुमार, पवन कुमार, बृजलाल गौतम, मनोज कुमार, वरुण पुरी, योगेश पुरी, पुष्पा शर्मा, रूप रानी, मनप्रीत कौर, केवल कोर, गगरेट ब्लॉक के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, प्रिंस ठाकुर सहित जिला ऊना के विभिन्न ब्लॉकों के डिपो संचालक, सहकारी सभा कर्मचारी और सेल्समैन उपस्थित रहे।

