अमृतसरः IPL 2026 टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले जारी हैं, जिसमें CSK, MI, PBKS और RCB जैसी टीमें अपना दमखम दिखा रही हैं। वहीं इस बीच BCCI अमृतसर के IPL फैंस को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में हैं। आज BCCI के सीनियर मैनेजर (क्रिकेट ऑपरेशंस) सुमित मल्लापुरकर ने Tata IPL Fan Park 2026 के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने शहर में बड़ा इंवेंट करने के संकेत दिए।
सुमित मल्लापुरकर ने बताया कि इस बार अमृतसर में होने वाला Fan Park पिछले साल के मुकाबले ज्यादा बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी अमृतसर के भाई टक्स ग्राउंड में एक Fan Park लगाया गया था, जहां दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। इस साल भी उम्मीद है कि मैच का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। इस बार Fan Park में न सिर्फ मैचों की लाइव स्क्रीनिंग होगी, बल्कि दर्शकों के मनोरंजन के लिए कई तरह की एक्टिविटीज और प्रोग्राम भी रखे गए हैं। खासकर बच्चों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि पूरा परिवार इस इवेंट का मजा ले सके। उन्होंने यह भी साफ किया कि Fan Park में एंट्री पूरी तरह से फ्री होगी और पार्किंग भी फ्री रखी गई है। दर्शकों के लिए पानी का इंतजाम होगा, जबकि खाने-पीने के स्टॉल पर पैसे देने होंगे।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खास इंतजाम किए गए हैं और एंट्री के समय हर दर्शक को एक फ्री बैंड दिया जाएगा। इसके अलावा पंजाब के युवाओं को भी इस मंच के जरिए अपना लोकल टैलेंट दिखाने का मौका मिलेगा। BCCI ने उम्मीद जताई कि पिछले साल की तरह इस बार भी Fan Park का यह इवेंट बेहद कामयाब रहेगा। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के नेता और PCA के प्रतिनिधि प्रभबीर सिंह बराड़ भी मौजूद थे।
