ऊनासुशील पंडित: राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के रेड रिबन क्लब ने शनिवार को एड्स जागरूकता रैली का आयोजन किया। यह आयोजन सार्वजनिक स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रैली का उद्देश्य आम जनमानस को एचआईवी/एड्स के बारे में शिक्षित करना, मिथकों को दूर करना, शीघ्र रोग का पता लगाने और उपचार के महत्व को बढ़ावा देना था ।
इस रैली में बड़ी संख्या में छात्रों, अध्यापकों और सामुदायिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। रेड रिबन क्लब के सदस्यों ने अपने हाथों में एचआईवी की रोकथाम और जागरूकता के संदेशों वाले बैनर और तख्तियां लेकर मार्च किया। यह रैली एड्स बीमारी के बारे में लोगों की जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े कलंक को कम करने के व्यापक अभियान का हिस्सा था।
इस अवसर पर जागरूकता रैली के अतिरिक्त सूचनात्मक सत्र का भी आयोजन किया गया। जिसमें प्राध्यापकों ने ट्रांसमिशन के तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा एचआईवी/एड्स से निपटने में शिक्षा की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और युवाओं को ऐसी पहल में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस मौक़े पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने कहा कि यह रैली समुदाय की भलाई में योगदान देने और स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के कई प्रयासों में से एक है। इस आयोजन के लिए उन्होंने महाविद्यालय रेड रिबन क्लब की संयोजिका प्रो. शशि कंवर सहित सभी सदस्यों की सराहना की।
