नालागढ़ : भांगला गांव में आयोजित हुए भव्य कबड्डी टूर्नामेंट में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में लगभग 50 टीमों ने हिस्सा लेकर दमखम दिखाया। टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता व कॉमेडियन बी.एन शर्मा ने शिरकत की। इसके साथ ही नालागढ़ के पूर्व विधायक के एल ठाकुर भी मौजूद रहे।
युवाओं को दिया सकारात्मक संदेश
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बी एन शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की अपील की। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि खेल ही युवाओं को सही मार्ग पर ले जा सकते हैं।
“गांव से है खास लगाव”
बी.एन शर्मा ने भावुक अंदाज में बताया कि यही क्षेत्र उनकी जन्मभूमि है, इसलिए यहां आकर उन्हें विशेष गर्व और अपनापन महसूस होता है। उन्होंने कहा, “मेरे गांव के लोगों को मेरी जहां भी जरूरत होगी, मैं हमेशा अपने गांव के साथ खड़ा रहूंगा।” उनके इस वक्तव्य पर उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
नई फिल्म के लिए जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी आने वाली नई पंजाबी फिल्म के लिए लोगों का धन्यवाद किया और नालागढ़ के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस क्षेत्र से हमेशा अपार प्यार और सम्मान मिलता रहा है।
कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन खेल भावना, जोश और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल खेलों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि युवाओं को भी नई प्रेरणा मिलती है।