चंडीगढ़: राज्य के ग्रामीण परिवारों के लिए संपत्ति के अधिकार और सम्मान को सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, भगवंत मान सरकार ने अपनी प्रमुख पहल ‘मेरा घर मेरे नाम’ के तहत सिर्फ 50 दिनों में 5.15 लाख से अधिक संपत्ति मालिकाना संबंधी प्रमाण पत्र वितरित किए हैं। इससे उन परिवारों को अपने घरों का कानूनी मालिकाना हक मिल गया है, जो कई पीढ़ियों से इनमें रह रहे थे।
पंजाब भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पहल के संबंध में ताज़ा प्रगति की जानकारी देते हुए, राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि यह पहल ‘लाल लकीर’ के अंदर रह रहे परिवारों के लिए संपत्ति के मालिकाना हक से जुड़ी दशकों पुरानी अनिश्चितता को खत्म कर रही है। उन्होंने इस योजना को “सम्मान की क्रांति” करार दिया।

पुनर्वास मंत्री ने कहा, “गांवों में हमारे भाई-बहन पीढ़ियों से ऐसे घरों में रह रहे हैं जो उनके खून-पसीने और कड़ी मेहनत से बने हैं, लेकिन कानूनी तौर पर उन्हें अपने घरों का मालिकाना हक प्राप्त नहीं था। 30 से 40 साल तक, उनके पास मालिकाना हक का कोई सरकारी रिकॉर्ड नहीं था। वे अपने ही घर के आधार पर बैंक से ऋण नहीं ले सकते थे और न ही किसी रिकॉर्ड के आधार पर कोई विवाद सुलझा सकते थे। ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना इस अनिश्चितता के दौर को खत्म करती है।
इस योजना को लागू करने में आई तेज़ी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 2 नवंबर तक 2.19 लाख मालिकाना कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। उसके बाद सिर्फ तीन हफ्तों में ही, वितरित किए गए कार्डों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई है। अब तक 7.11 लाख प्रमाण पत्र तैयार किए जा चुके हैं, जो या तो वितरित किए जाने के लिए तैयार हैं या फिर पहले ही उनके असली मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।
सभी योग्य संपत्ति मालिकों से अपने मालिकाना प्रमाण पत्र प्राप्त करने और विवरणों की पुष्टि पूरे ध्यान से करने की अपील करते हुए, मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि किसी भी तरह की त्रुटि की रिपोर्ट समय पर की जानी चाहिए और उन्हें दुरुस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “जिन परिवारों को अभी तक अपने प्रमाण पत्र नहीं मिले हैं, वे मेरा घर मेरे नाम पोर्टल के माध्यम से अपनी स्थिति की जांच कर सकते हैं या अपने संबंधित पटवारी से संपर्क कर सकते हैं।”

