जालंधरः प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जालंधर जोनल कार्यालय ने उद्योगपति एवं वर्धमान ग्रुप के चेयरमैन एसपी ओसवाल से 7 करोड़ रुपए की डिजिटल अरेस्ट ठगी के मामले में 25 नवंबर को विशेष पीएमएलए अदालत जालंधर में सप्लीमेंट्री प्रॉसीक्यूशन कंप्लेंट (एसपीसी) दाखिल की है।
ईडी ने जांच लुधियाना साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायपालिका के अधिकारी बताकर एसपी ओसवाल को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया और उनसे 7 करोड़ रुपये वसूल लिए। जांच एजेंसी के मुताबिक ठगी से हासिल रकम सबसे पहले रिगलो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के बैंक खातों में जमा करवाई गई। जिसके बाद सुनियोजित तरीके से कई म्यूल बैंक खातों में छोटी-छोटी रकम के रूप में ट्रांसफर किया गया, ताकि पैसे के असली स्रोत और लेनदेन की पहचान छिपाई जा सके।
ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि रिगलो वेंचर्स के खातों से 2 से 5 लाख रुपये की किश्तों में अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजी जाती थी। इन खातों से तुरंत नकदी निकाल ली जाती थी। खाताधारकों को बैंक खाते उपलब्ध करवाने के बदले कमीशन दिया जाता था, जिसका भुगतान वर्चुअल डिजिटल एसेट (वीडीए), क्रिप्टोकरेंसी और नकदी के रूप में किया जाता था। ईडी के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निशाना बनाया गया। उन्हें कर्ज दिलाने या रोजगार उपलब्ध करवाने का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए। बाद में इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया गया।
जांच में पता चला कि इन खातों में जमा करोड़ों रुपये की रकम को शेल कंपनियों के माध्यम से आगे भेजा गया। इसके बाद ट्रेड बेस्ड मनी लॉन्ड्रिंग (टीबीएमएल) का तरीका अपनाकर ठगी की राशि भारत से बाहर ट्रांसफर की गई। ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पूरे नेटवर्क और रकम के लेनदेन की कड़ियों को अपनी शिकायत में सामने रखा है।

