सीतापुरः महोली कोतवाली इलाके में चड़रा रेलवे क्रॉसिंग पर बस ने गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में बस का फ्रंट का शीशा टूट गया। वहीं हादसे के दौरान बस में सफर कर रहे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस घटना में बस में सवार 2 यात्री घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक गन्ना लेकर क्रय केंद्र जा रहा था।
इस दौरान चड़रा रेलवे क्रॉसिंग पर यह हादसा हो गया। वहीं हादसे के बाद बस ड्राइवर बस छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा सीएचसी से जिला स्तर पर रेफर किया गया।
हादसे के बाद रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया और बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
वहीं बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया जा रहा है। हादसे में फरार चल रहे बस चालक को जल्द गिरफ्तार करके बनती कार्रवाई की जाएगी।

