जालंधर, ENS: पंजाब में ठंड हल्की हल्की बढ़ रही है। दिन के तापमान में लगातार गिरावट जारी है, लेकिन रात का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। इसी बीच कोहरे (धुंध) का असर भी देखने को मिल रहा है। शहरों से बाहर खुले मैदानों में दिन की शुरुआत हल्की-हल्की धुंध के साथ हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने भी धुंध को लेकर यलो अलर्ट जारी कर रखा है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य का तापमान आने वाले दिनों में थोड़ा-थोड़ा गिर सकता है। जिलों का न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज शनिवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में घनी धुंध का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 29 नवंबर यानी रविवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में घनी धुंध का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह 30 नवंबर यानी सोमवार व आने वाले दिनों में मौसम विभाग की तरफ से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। इस दौरान मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

