जालंधर, ENS: शहर के थाना रामा मंडी के अंतर्गत आते दकोहा इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ गुरुद्वारा सिंह सभा के सामने रहने वाली एक अनाथ युवती के साथ पड़ोसियों द्वारा सरेआम मारपीट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर पड़ोसी युवक और उसके परिवार ने युवती के घर में घुसकर और फिर बीच गली में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
माता-पिता की मौत के बाद अकेली रह रही है पीड़िता
जानकारी के अनुसार, पीड़िता जसलीन कौर के माता-पिता का कुछ समय पहले ही देहांत हो चुका है। माता-पिता को खोने के सदमे के कारण युवती डिप्रेशन (अवसाद) की मरीज है और घर में अकेली रहती है। आरोप है कि मोहल्ले के ही कुछ युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहे थे और उसके साथ लगातार छेड़छाड़ करते थे।
विरोध करने पर परिवार समेत बोला हमला
27 नवंबर की शाम जब जसलीन कौर ने रोज-रोज की छेड़छाड़ का विरोध किया, तो आरोपितों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उनमें से एक युवक वरुण ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर युवती पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने पहले घर में घुसकर युवती को पीटा और फिर सरेआम गली में घसीटकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
CCTV में कैद हुई मारपीट की तस्वीरें
इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी युवक वरुण अपने पिता नरेश कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर युवती को बुरी तरह पीट रहा है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस मामले में पुलिस का रवैया भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि थाना रामा मंडी के अधीन आती दकोहा-नंगलशामा पुलिस चौकी के इंचार्ज ने कथित तौर पर राजनीतिक दबाव के चलते आरोपियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया है। इस घटना के बाद इलाके में रोष है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब जालंधर के पुलिस कमिश्नर का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका। फिलहाल पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

