iPhone, LED, स्पीकर सहित अन्य सामान चोरी
फिरोजपुर: जिले में चोरी और लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े दावों के बावजूद चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे लगातार बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला फिरोजपुर कैंट के थाना कुलगढ़ी क्षेत्र के अंतर्गत आते फरीदकोट रोड का है, जहां चोरों ने एक बंद पड़ी मोबाइल और बिजली के सामान की दुकान का शटर तोड़कर 35 से 40 लाख रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित दुकानदार रॉबिन बागा पुत्र सुरिंदर बागा, निवासी लुहारां वाली गली, आजाद चौक ने बताया कि चुंगी नंबर 8, फरीदकोट रोड पर उनकी मोबाइल फोन और इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान है। बीती दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चोर दुकान में रखे निम्नलिखित कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए, जिसकी कुल कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये आंकी गई है। पीड़ित ने कहा कि चोर कीमती iPhone, LED, स्पीकर, नए और पुराने हेडफोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कुलगढ़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सामने आई सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह चोर बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर सामान समेट कर ले जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित रॉबिन बागा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें इंसाफ दिलाया जाए।

