अस्थियां प्रवाहित कर लौट रहा था परिवार
पठानकोटः पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर स्थित माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट पर तेज रफ्तार आई-20 कार और अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में अर्टिगा कार में सवार एक बच्ची और तीन महिलाओं समेत कुल 6 लोग जख्मी हो गए। हादसे में चालक गुरप्रीत सिंह के अलावा काला सिंह, गुरप्रीत कौर, ओंकार कौर, कांता कौर और शकुंतला कौर (सभी निवासी जम्मू) घायल हुए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। टीम ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए सुजानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में उपचाराधीन अर्टिगा कार के चालक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ धार्मिक स्थल श्री कीरतपुर साहिब गए थे। वहां दिवंगत परिजन की अस्थियां जल में प्रवाहित करने के बाद वे वापस अपने घर जम्मू लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार डिफेंस रोड माधोपुर टी-प्वाइंट के नजदीक पहुंची, सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही आई-20 कार ने उनकी गाड़ी को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी।
वहीं, दुर्घटनाग्रस्त आई-20 कार के चालक राहुल ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वह कठुआ से पठानकोट की ओर आ रहे थे। उनके अनुसार, हाईवे पर आगे एक तरफ की सड़क बंद (ब्लॉक) होने के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित था। इसी वजह से वह अपनी कार दूसरी लेन से निकालकर ले जा रहे थे कि अचानक सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। पुलिस और एसएसएफ की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त दोनों कारों को सड़क किनारे करवाया। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

