अमृतसर/जालंधर: श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए पाकिस्तान गए भारतीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे में से तीन श्रद्धालुओं के लापता होने की खबर सामने आई है। ये तीनों श्रद्धालु 22 नवंबर को भारत से पाकिस्तान रवाना हुए सिख जत्थे में शामिल थे।
श्री पंजा साहिब जाते समय बसों से गायब मिले यात्री
जानकारी के मुताबिक, भारतीय सिख श्रद्धालु प्रकाश पर्व के मुख्य समारोहों में शामिल होने के लिए श्री ननकाना साहिब पहुंचे थे। कार्यक्रमों की समाप्ति के बाद जत्थे को श्री ननकाना साहिब से गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब (हसन अब्दाल) के लिए रवाना होना था। लेकिन जब श्रद्धालुओं की बसें रवाना होने लगीं, तो गिनती के दौरान तीन भारतीय श्रद्धालु बसों में मौजूद नहीं पाए गए। इस घटना के बाद पूरे जत्थे और प्रबंधकों में हड़कंप मच गया।
लापता श्रद्धालुओं की हुई पहचान
लापता हुए तीनों श्रद्धालु पंजाब के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। इनकी पहचान इस प्रकार हुई है। जिनमें बिक्कर सिंह पुत्र गुरदास राम, निवासी गांव खोखेवाल, फिल्लौर (जिला जालंधर), विक्रमजीत सिंह पुत्र कुंदन, निवासी गुरु नानक कॉलोनी (तरनतारन) और हरप्रीत सिंह पुत्र कंवलजीत सिंह, निवासी सुल्तानविंड (अमृतसर) के नाम शामिल है।
पैतृक गांव देखने जाने की जताई जा रही आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह आशंका जताई जा रही है कि तीनों श्रद्धालु विभाजन से पहले की अपनी पुरानी यादों से जुड़ी जगहों या अपने पैतृक गांवों को देखने के लिए जत्थे से अलग होकर किसी अन्य स्थान पर चले गए हों। गौरतलब है कि इससे पहले गए एक जत्थे के दौरान भी एक बुजुर्ग सिख श्रद्धालु इसी तरह जत्थे से बिछड़ गए थे, जो अपने पुरखों का गांव देखने गए थे और बाद में जत्थे की भारत वापसी के समय लाहौर में वापस मिल गए थे। फिलहाल इन तीनों श्रद्धालुओं के बारे में अभी तक कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है कि वे कहां और किस स्थिति में हैं। प्रशासन और जत्थे के प्रबंधकों द्वारा उनकी तलाश व सही स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

