कोलकाताः बंगाल के मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृमा विभाग में मरीजों को परोसे भोजन में बिच्छू मिलने से हड़कंप मच गया। भोजन में बिच्छू मिलने की शिकायत सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जिसमें अस्पताल के उप अधीक्षक और सहायक अधीक्षक शामिल हैं। कमेटी जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसे स्वास्थ्य विभाग को भेजा जाएगा।
जानकारी के अनुसार मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृमा विभाग में दोपहर का भोजन एक निजी संस्था की ओर से उपलब्ध कराया जाता है। इसी क्रम में मरीजों को भोजन परोसा गया। इसी दौरान कुछ मरीजों ने भात में बिच्छू देखा। जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर चिकित्सक और अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही भोजन की आपूर्ति करने वाली संस्था के प्रतिनिधियों को भी तलब किया गया। घटना के लिए जिम्मेदार माने जा रहे तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस देने के साथ निलंबित किया गया है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. सौरदीप राय ने बताया कि घटना सामने आई है, लेकिन किसी मरीज की तबीयत खराब नहीं हुई है। सभी मरीज स्वस्थ हैं। दूसरी ओर, मरीजों के स्वजन ने अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में परोसे जाने वाले भोजन में इस तरह की लापरवाही सामने आने से मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अस्पताल प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

