ऊना (सुशील पंडित): अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में 27 नवंबर 2026 को एनसीसी दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर महाविद्यालय परिसर में प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनसीसी यूनिट, एनएसएस यूनिट तथा रेड रिबन क्लब के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा समाज में मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। इच्छुक एवं चिकित्सकीय रूप से पात्र व्यक्ति स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाने में अपना योगदान दे सकते हैं।
शिविर के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय में विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को जलपान, पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न, बैठने की व्यवस्था तथा मीडिया एवं दस्तावेजीकरण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।महाविद्यालय प्रशासन ने सभी से इस मानवीय अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का अवसर है।

