श्री गुरु नानक देव जी ने यहां किया था 14 साल का जीवन व्यतीत
सुल्तानपुर लोधीः ऐतिहासिक शहर सुल्तानपुर लोधी में गुरुद्वारा श्री बेर साहिब पहले पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व का जश्न मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। गुरुपर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारे में दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं। वहीं आज 10.30 बजे केंद्रिय मंत्री शिवराज चौहान भी गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होंगे। ऐसे में गुरुद्वारा साहिब में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हुए है। गुरुपर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के मुख्य द्वार को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। फूलों से सजाए गए गुरु घर का आकर्षक दृश्य भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
गुरुपर्व के उपलक्ष्य में 23 नवंबर को विशाल नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया। ऐसे में पावन पर्व को लेकर दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु लगातार पवित्र सरोवर में स्नान कर रहे हैं और गुरमत समारोहों में भाग ले रहे हैं और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। गुरुद्वारा साहिब में हर जगह श्रद्धा और आस्था का माहौल है। संगत का कहना है कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में मत्था टेकना उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर लोधी का श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से गहरा संबंध है और इस पवित्र शहर का गुरु साहिब के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। यही कारण है कि सुल्तानपुर लोधी की एक धार्मिक और ऐतिहासिक शहर के रूप में एक विशेष पहचान है। मान्यता है कि सुल्तानपुर लोधी में श्री गुरुनानक देव जी ने करीब 14 साल का जीवन व्यतीत किया था। उनके जीवन से जुड़े बहुत से गुरुद्वारा साहिब इसी धरती पर है, जहां संगतें नतमस्तक हो रही है। इसी कारण सुल्तानपुर लोधी को गुरु की नगरी से भी जाना जाता है।

