कपूरथलाः सुल्तानपुर लोधी हलके के अधीन आते गांव टिब्बा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा उस समय हिंसक हो गया। जहां दोनों पक्षों में पहले मारपीट हुई और उसके बाद गोलीबारी हुई। इस घटना के दौरान एक प्रवासी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है। उधर, घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल है।
घटना के संबंध में एक पक्ष के गुरताज सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर पंचायत स्तर पर पहले ही फैसला हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद फिर से माहौल खराब करने की कोशिश की गयी। उनका आरोप है कि उन पर सीधी फायरिंग की गई। उन्होंने बताया कि मौके पर एक रिवाल्वर भी जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया है।
उधर, फायरिंग को लेकर पुलिस अलग ही दावा कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौके पर हवाई फायरिंग भी हुई है। इसके अलावा पिटाई के दौरान घायल हुए प्रवासी मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं हैं, जिससे घटना को लेकर उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है।
इस संबंध में एसएचओ सोनमदीप कौर ने कहा कि पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और प्राप्त बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल, गांव टिब्बा में जमीन विवाद को लेकर संघर्ष, मारपीट और फायरिंग की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और इस पूरी घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।
