अजनाला: पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआई स्टाफ हेरोइन सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, अजनाला क्षेत्र में पुलिस ने गांव पंजगराई निजरां के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर 3 युवकों से पुलिस ने 17.5 किलो हेरोइन बरामद करके गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से बरामद हुई हेरोइन की यह बड़ी खेप पुलिस के लिए अहम सफलता मानी जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तीनों आरोपी अमृतसर के नारायणगढ़ इलाके के रहने वाले हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे और पीले रंग के बैग में हेरोइन की बड़ी खेप लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सीआई स्टाफ की टीम ने शक के आधार पर उन्हें रोककर जांच की तो तलाशी के दौरान 17.5 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया और नशे की खेप जब्त कर ली।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में लाई गई थी। इसके बाद आरोपियों को दूसरे व्यक्ति तक खेप पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। हालाँकि, इस पूरे नेटवर्क की अभी और जांच की जानी बाकी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सब-इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन के दौरान तीनों आरोपियों को हेरोइन की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी यह खेप किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हेरोइन की खेप किससे भेजी गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा सीमा पार ड्रग तस्करों और स्थानीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक की भी जांच की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य इस मामले के पीछे तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।

