चंडीगढ़: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण , पशु पालन एवं डेयरी तथा मत्स्य मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि अब प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक जिले की जलभराव वाली भूमि और उपयुक्त जल निकायों में 2-2 लाख मछली बीज का संचयन करेगी। राणा ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत हाल ही में यमुनानगर जिला के गांव बुद्ध माजरा के जल सागर से की गई है, जबकि पिछले वर्ष गांव बल्लेवाला में 2 लाख मछली बीज का संचयन किया गया था। उन्होंने बताया कि “मछली-बीज के संचयन” की इस पहल से न केवल मछली उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि जलीय जैव विविधता का संरक्षण भी होगा और स्थानीय मछुआरों व उद्यमियों के लिए आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य जल संसाधनों का बेहतर सदुपयोग करते हुए मत्स्य पालन क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाना और मत्स्य पालकों की आय बढ़ाना है। अब तक 49,034 एकड़ जल-क्षेत्र को मछली पालन के अधीन लाकर 1.47 लाख मीट्रिक टन मछली उत्पादन किया जा चुका है। साथ ही, खारे पानी से प्रभावित 4,953 एकड़ जलक्षेत्र को सफेद झींगा पालन के अंतर्गत लाया गया है। राणा ने यह भी बताया कि अब तक लगभग 4,300 टन क्षमता की कोल्ड चेन और 18 मछली-फीड मिल स्थापित की जा चुकी हैं। इस वर्ष राज्य में तीन मोबाइल जल परीक्षण प्रयोगशाला वैन भेजी गई हैं, जो किसानों को उनके तालाब पर ही मिट्टी और जल परीक्षण की सुविधा उपलब्ध करवाएंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा करनाल और सिरसा में दो प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जाएंगी तथा हिसार और फरीदाबाद में दो मछली मंडियों का निर्माण किया जाएगा। भिवानी और सिरसा जिलों में उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना की जाएगी। श्याम सिंह राणा ने बताया कि मत्स्य विभाग का योजना बजट वर्ष 2014-15 के लगभग 6.99 करोड़ रुपये से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में लगभग 242.40 करोड़ रुपये किया गया है जो कि प्रदेश सरकार की किसान हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने प्रदेश के किसानों से जल और जलीय संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया ताकि हरियाणा को मत्स्य पालन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया जा सके।

