चंडीगढ़: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए पहली बार राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 63 टीमों ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 58 टीमों ने तीन-तीन विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आठ टीमों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। दूसरे चरण में इन आठ टीमों के बीच रोचक एवं ज्ञानवर्धक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैश्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने द्वितीय तथा वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। श्री धूपड़ ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना के अनुरूप रटने की प्रवृत्ति के स्थान पर अनुभव आधारित शिक्षा, आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को महत्व देना है।

