धूरी: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य सरकार के विज़न को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं की असीम ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने, विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने जैसे प्रयासों के माध्यम से नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए खेलों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।
39.20 करोड़ रुपये की लागत से 10 एकड़ में विकसित किया जा रहा यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार के व्यापक अभियान का हिस्सा है। 1,744 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड खेल बजट, पंजाबभर में विकसित किए जा रहे 3,100 खेल मैदानों, ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए 1 करोड़ से 3 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कारों और जूनियर हॉकी विश्व कप की मेजबानी के अधिकार हासिल करने के प्रयासों के साथ भगवंत मान सरकार राज्य की समृद्ध खेल विरासत को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ पंजाब के खिलाड़ियों के लिए अवसरों का लगातार विस्तार कर रही है।

समारोह स्थल पर पहुंचने पर बच्चों ने मुख्यमंत्री को गुलाब के फूल भेंट करके उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न टीमों और खेलों का प्रतिनिधित्व कर रहे खिलाड़ियों से हाथ मिलाया, उनका परिचय प्राप्त किया और उन्हें पूरी लगन के साथ अपने खेल लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवा हॉकी खिलाड़ियों से भी बातचीत की और खेलों के प्रति उनके उत्साह तथा जज्बे की सराहना की।
उन्होंने बताया कि 9 करोड़ रुपये की लागत से एक बहुउद्देश्यीय इनडोर स्पोर्ट्स हॉल का निर्माण किया जा रहा है। इस सुविधा का 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे 31 मार्च, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने आगे बताया कि 5 करोड़ रुपये की लागत से पवेलियन सहित एक आधुनिक 25*15 मीटर स्विमिंग पूल का निर्माण शुरू हो चुका है, जो 30 जून, 2027 तक पूरा हो जाएगा।

कृषि क्षेत्र में अपनी सरकार के प्रयासों के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि नहरी पानी की बेहतर उपलब्धता के कारण किसानों को सुबह के समय बिजली मिलने में मदद मिली है। उन्होंने आगे कहा, “नहरी पानी की बढ़ी हुई उपलब्धता से कृषि उत्पादन में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।”

