सोनीपतः सोनीपत में शराब का पेग नहीं देने पर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपने चचेरे भाई और तीन दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान एक युवक ने उससे शराब का पेग मांगा, लेकिन उसने देने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर साथ बैठे चार लोगों में से एक ने पेट में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद चारों मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में अनिल नाम के युवक को उसका ताऊ का लड़का रामवीर खानपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश की जा रही है। गन्नौर के गांव खिजरपुर अहीर माजरा निवासी रामवीर ने बताया कि उसका चाचा का लड़का अनिल (37) शनिवार देर रात परिवार के ही एक अन्य चाचा के लड़के और तीन दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान एक युवक ने अनिल से शराब का पेग मांगा। अनिल के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
रात करीब 12 बजे विवाद बढ़ने पर साथ बैठे चार लोगों में से एक ने अनिल के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसके साथ शराब पी रहे चारों लोग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अनिल का ताऊ का लड़का रामवीर उसे गंभीर हालत में खानपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट के चलते अनिल की जान नहीं बच सकी।
वारदात की सूचना मिलने पर गन्नौर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

