शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जनता को समर्पित की। उन्होंने कहा कि इस मशीन के लगने से टांडा चिकित्सा महाविद्यालय उन्नत नैदानिक उपचार, चिकित्सा शिक्षा और रोगी देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान में स्थापित यह दूसरी एमआरआई मशीन है। इससे पहले यहां 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीन के माध्यम से मरीजों को महत्वपूर्ण नैदानिक सेवाएं प्रदान की जा रही थीं। अब नई 3-टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित होने से संस्थान की जांच क्षमता में वृद्धि होगी तथा मरीजों को अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीक की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक एमआरआई मशीन टांडा चिकित्सा महाविद्यालय की नैदानिक क्षमताओं को मजबूत करने तथा इसे प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा एवं सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में अत्याधुनिक सर्जरी करने के लिए नए रोबोटिक आर्म्स उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना किसी प्रतीक्षा अवधि के उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतीक्षा अवधि को शून्य करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है।

