11 देशों और भारत के 18 राज्यों से 300 प्रतिभागियों की सहभागिता; 290 शोध पत्र प्राप्त
ऊना: राजकीय महाविद्यालय ऊना के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के प्रायोजन में दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार “Emerging Technologies, Innovation, and Inclusive Socio-Economic Transformation: A Global Perspective” का आज भव्य शुभारंभ हुआ। इसमें 11 देशों और भारत के 18 राज्यों से 300 प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया। इनमें 90 प्रतिभागी ऑफलाइन तथा 210 ऑनलाइन जुड़े।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ईशांत जसवाल (IAS), अतिरिक्त उपायुक्त ऊना, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा, सेमिनार संयोजक डॉ. शाम बैंस एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। एमसीए विभाग की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा मंच संचालन प्रो. विकास ने किया।
प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि तकनीकी नवाचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। सेमिनार संयोजक डॉ. शाम बैंस ने संगोष्ठी के उद्देश्यों एवं रूपरेखा की जानकारी देते हुए ICSSR और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा शोध सार पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि ईशांत जसवाल ने अपने संबोधन में डिजिटल वित्तीय समावेशन, यूपीआई, ऑनलाइन बैंकिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मनरेगा एवं GeM पोर्टल के माध्यम से प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में तकनीक की भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही डेटा सुरक्षा एवं व्यक्तिगत निजता को महत्वपूर्ण चुनौती बताया। मुख्य वक्ता प्रो. जयंती दत्ता, निदेशक, मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ ने गरीबी मापन, सामाजिक असमानता, तकनीकी नैतिकता और उच्च शिक्षा की सामाजिक जिम्मेदारी पर विचार रखे। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा के चार सूत्रों—श्रवण, मनन, चिंतन और निदिध्यासन—को अपनाने का आह्वान किया।
अंतर्राष्ट्रीय वक्ताओं के रूप में मलेशिया से डॉ. शैदाह जुसोह तथा अमेरिका से प्रो. सुवायन डे ने ऑनलाइन माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल नवाचार एवं वैश्विक आर्थिक परिवर्तन पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रथम तकनीकी सत्र की अध्यक्षता डॉ. समिता शर्मा ने की, जबकि दूसरे तकनीकी सत्र की अध्यक्षता प्रो. पुनीत प्रेम कंवर ने की। दोनों सत्रों में देश-विदेश के शोधार्थियों एवं शिक्षाविदों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए तथा उभरती तकनीकों, नवाचार और समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
सेमिनार के लिए कुल 290 शोध पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें से प्रथम दिवस 40 ऑफलाइन और 120 ऑनलाइन सहित कुल 160 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। शेष शोध पत्र दूसरे दिन प्रस्तुत किए जाएंगे। सेमिनार के शेष तकनीकी सत्र एवं समापन समारोह 20 नवंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे। इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन ने राजकीय महाविद्यालय ऊना को वैश्विक शैक्षणिक संवाद, अनुसंधान और नवाचार का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है।

