स्वामी हेमानंद महाराज ने विधि-विधान से किया अरणीमंथन, पंचभीष्म महापर्व पर उमड़ रहे श्रद्धालु
ऊना/सुशील पंडित: ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम, नारी में इन दिनों पंचभीष्म पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो रहा है। आश्रम में चल रहे पंचभीष्म महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन शतचंडी महायज्ञ का विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर आश्रम के संचालक स्वामी हेमानंद महाराज ने प्राचीन वैदिक परंपरा के अनुसार अरणीमंथन विधि से यज्ञाग्नि प्रज्वलित की। इस पारंपरिक प्रक्रिया के माध्यम से अग्नि प्रज्वलित होते ही यज्ञशाला वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठी और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ इस पावन क्षण के दर्शन किए।
अरणीमंथन भारतीय वैदिक संस्कृति की प्राचीन परंपरा है, जिसमें विशेष अरणी काष्ठ के मंथन से अग्नि उत्पन्न की जाती है। इसी पवित्र अग्नि को यज्ञ का आधार माना जाता है। स्वामी हेमानंद महाराज द्वारा स्वयं इस विधि से अग्नि प्रज्वलित करना धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। यज्ञशाला में विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना और यज्ञ की प्रक्रिया संपन्न करवाई गई।

24 नवंबर तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला
डेरा बाबा रुद्रानंद धाम में 16 से 24 नवंबर तक पंचभीष्म महायज्ञ, शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, कथा प्रवचन और यज्ञ में आहुतियां डाली जा रही हैं। तीसरे दिन शतचंडी महायज्ञ की शुरुआत के साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों ने विशेष गति पकड़ी। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।
धर्म, अध्यात्म और वैदिक संस्कृति का संगम
रुद्रानंद धाम में आयोजित यह धार्मिक महापर्व श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आस्था और भारतीय वैदिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर बन रहा है। यज्ञ में डाली जा रही आहुतियों के बीच श्रद्धालु विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना कर रहे हैं। आश्रम परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है तथा श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से भक्तों को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया जा रहा है।

