गुरदासपुरः फतेहगढ़ चूड़ियां-डेरा बाबा नानक मार्ग पर हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान थाना मजीठा के अंतर्गत आते गांव पंधेर कलां निवासी हरविंदर सिंह और प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। दोनों के परिवारों ने जमीन विवाद के चलते साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
प्रीतम सिंह के भतीजे राजबीर सिंह ने बताया कि दोनों दोस्त बीते दिन डेरा बाबा नानक तहसील गए थे। हरविंदर सिंह का गांव हरदोरवाल में करीब छह से सात किल्ले जमीन को लेकर दूसरी पार्टी के साथ विवाद चल रहा था। पुलिस की मदद से जमीन का कब्जा लेने की कार्रवाई की जानी थी।
राजबीर सिंह ने आरोप लगाया कि वापस लौटते समय दूसरी पार्टी ने सड़क हादसे के जरिए दोनों दोस्तों की हत्या कर दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की।
वहीं, थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि दोनों व्यक्ति डेरा बाबा नानक से फतेहगढ़ चूड़ियां की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। एसएचओ के अनुसार, पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत चार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

