पंचकूलाः पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्राईसिटी क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 55 ग्राम 12 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा के अनुसार क्राइम ब्रांच-2 की टीम को 17 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि ढकौली, पंजाब निवासी 31 वर्षीय राहुल और 19 वर्षीय वंश ट्राईसिटी क्षेत्र में हेरोइन सप्लाई का काम करते हैं और आज भी हेरोइन की सप्लाई करने के लिए पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच-2 इंचार्ज प्रवीण कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने दोनों संदिग्ध आरोपियों को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, पंचकूला में पेट्रोल पंप के पास बने गंदे नाले के नजदीक से काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 55 ग्राम 12 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन की कीमत 11 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20, पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से हेरोइन की सप्लाई के स्रोत, नशे की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों तथा ट्राईसिटी में फैले इनके नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।

