चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने टीबी (क्षय रोग) के खिलाफ अभियान को और मजबूती देने के लिए एनटीपीसी और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) से 7.35 करोड़ रुपये की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहायता प्राप्त की है। इस राशि से अगले तीन वर्षों में 11,811 टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही चार जिलों में अत्याधुनिक मोबाइल डायग्नोस्टिक सुविधाओं के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1.63 लाख लोगों की टीबी जांच की जाएगी।
इस पहल के तहत करनाल और पानीपत में टीबी का उपचार करवा रहे मरीजों को प्रोटीन युक्त पोषण किट उपलब्ध करवाई जाएंगी। वहीं, विशेष उपकरणों से लैस चार मोबाइल डायग्नोस्टिक वैन के माध्यम से मेवात, करनाल, कुरुक्षेत्र और चरखी दादरी के 392 उच्च जोखिम वाले गांवों एवं वार्डों में टीबी की जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि दोनों सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ यह सहयोग टीबी उन्मूलन की दिशा में दो महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करेगा। इनमें उपचार के दौरान मरीजों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध करवाना और उन क्षेत्रों में शुरुआती जांच की सुविधा पहुंचाना शामिल है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सीमित है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर महीने 80 विशेष जांच शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई है। विभागीय अनुमान के अनुसार, इन मोबाइल वैन के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 13,600 लोगों की जांच की जा सकेगी। इस प्रकार सालाना करीब 1.63 लाख लोगों की टीबी स्क्रीनिंग करने की क्षमता विकसित होगी।

