चंडीगढ़: हरियाणा में आने वाले दिनों में पानी की सप्लाई के दौरान कम प्रेशर और लीकेज जैसी समस्याओं से लोगों को राहत दिलाने की दिशा में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बड़ा कदम उठाया है। उनके निर्देशानुसार विभाग ने प्रदेश में पुरानी और खराब हो चुकी पेयजल पाइपलाइनों को बदलने के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया है।
इसके तहत कुल 2,513.66 किलोमीटर पाइपलाइन बदलने से जुड़े 798 एस्टीमेट तैयार किए गए हैं, जिनकी कुल लागत 1,863.77 करोड़ रुपये है। इस पहल से पानी की सप्लाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर में नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अब पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मंत्री ने कहा कि पानी की हर बूंद कीमती है। इसलिए विभाग का ध्यान केवल नई पाइपलाइन बिछाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मौजूदा व्यवस्था को मजबूत बनाने और पानी की बर्बादी रोकने पर भी है। आने वाले समय में आबादी और पानी की मांग बढ़ने के साथ मजबूत पाइपलाइन नेटवर्क जरूरी होगा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पानी की नियमित और बेहतर सप्लाई मिले तथा पेयजल व्यवस्था भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो।

