चंडीगढ़: हरियाणा के युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में जिला युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में हर प्रकार के महोत्सव और गतिविधियों में भाग लिया है। युवाओं को भी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और कक्षा स्तर पर आयोजित होने वाली प्रत्येक सकारात्मक गतिविधि में हिस्सा लेना चाहिए। इससे न केवल उनकी प्रतिभा निखरती है, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व का भी विकास होता है।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा वीरों, शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और खिलाड़ियों की धरती है। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और पैरा खेलों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी रुचि लेने और अपनी प्रतिभा को निरंतर आगे बढ़ाने की अपील की।

