बलरामपुरः यूपी में रफ्तार की भीषण मार देखने को मिली है। बुधवार देर रात बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार राहगीर भी हो गए। हादसा उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एक बकरी भी मरी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधीक्षक भी खुद मौके पर पहुंचे। कोहरे को भी हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों की गंभीर स्थिति देखते चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
हादसे में जान गंवाने वालों में गुफरान (18) पुत्र नूर निवासी ग्राम बरदही कोतवाली उतरौला, सलीम (20) पुत्र मोहम्मद रईस निवासी बड़हरा खुर्द, गौरियनडीह कोतवाली उतरौला, रहमत (30) पुत्र फैजल निवासी चन्द्रापुर चिताई थाना श्रीदत्तगंज, तौफीक (19) पुत्र मौनुद्दीन निवासी छपरतलवा थाना सादुल्लाहनगर और मोहम्मद फारूक (20) पुत्र हैदर निवासी बड़हरा खुर्द कोतवाली उतरौला शामिल हैं।
वहीं इस हादसे में मुजम्मिल खान (20) पुत्र सिकंदर अली और नाहिद अली (18) पुत्र समीर अली निवासी बड़हरा खुर्द, गौरियनडीह कोतवाली उतरौला गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को बेहतर चिकित्सा के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए संयुक्त जिला अस्पताल बलरामपुर भेज दिया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए। प्रारंभिक निरीक्षण में घटनास्थल से दो बुरी तरह क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। इनमें एक टीवीएस स्पोर्ट और दूसरी टीवीएस राइडर है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

