जालंधर, ENS: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक हुए और संत निरंजन दास से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष ने गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 18 नवंबर से शुरू होकर 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी। कुल 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद यात्रा 3 दिसंबर को काशी में संपन्न होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गुरु रविदास जी ने ऐसे राज की कल्पना की थी, जहां सभी खुश रहें और कोई भूखा न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम आवास, गरीब कल्याण अन्न योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है। समरसता संकल्प यात्रा के जरिए विकसित पंजाब बनाने का संकल्प दोहराया जा रहा है, ताकि विकसित भारत का लक्ष्य मजबूत हो सके। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल विदेश में जाकर भारत की छवि खराब करते हैं। वो भारत की इकोनॉमी को डिजास्टर बताते हैं, लेकिन भारत नहीं राहुल गांधी की मानसिकता डिजास्टर है। बता दें कि राहुल गांधी ने मंगलवार को अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक प्रोग्राम के दौरान कहा था कि भारत ‘आर्थिक आपदा’ या तबाही के कगार पर खड़ा है।
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में भारत के लिए निवेश के अवसर तलाश रहे हैं और देश का सम्मान बढ़ा रहे हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की छवि और लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिए बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को डिजास्टर बताया था। नितिन नबीन ने कहा कि दुनिया के कई देश भारत को आर्थिक शक्ति के रूप में देख रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी को देश की अर्थव्यवस्था में तबाही नजर आती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल को ऐसा इसलिए दिखता है, क्योंकि उनके परिवार और पार्टी का विकास नहीं हो रहा, जबकि देश के 140 करोड़ लोगों का विकास हो रहा है।
