देश में ऊंच-नीच का भेदभाव खत्म करना यात्रा का उद्देश्यः चेतन जौड़ामाजरा
जालंधरः गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित भाजपा की सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा आज रायपुर रसूलपुर से दोपहर को रवाना होगी। ऐसे में आदमपुर एयरपोर्ट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंच गए। इस दौरान एयरपोर्ट पर भाजपा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों और जयवीर शेरगील उन्हें रिसीव करने पहुंचे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। ये यात्रा जालंधर से शुरू होकर 2,558 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 3 दिसंबर को वाराणसी में समाप्त होगी। ये यात्रा 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरंगी और काशी में समाप्त होगी।
वहीं यात्रा शुरू करने से पहले नितिन नबीन डेरा सचखंड बल्ला में नतमस्तक होने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डेरा बल्ला प्रमुख संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद लिया।
वहीं आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए चेतन जौड़ामाजरा ने कहा कि भाजपा ने आज समरसता संकल्प यात्रा का आागाज किया है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी ने ऊंच-नीच का भेदभाव खत्म किया है। आज नितिन नबीन यात्रा का शुभारंभ करने जा रहे है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य देश में ऊंच-नीच का भेदभाव खत्म करना है।
भाजपा के प्रदेश सचिव एवं जालंधर के प्रभारी सूरज भारद्वाज ने कहा कि यह धार्मिक और सामाजिक आयोजन है, राजनीतिक रैली नहीं है। इसी वजह से यात्रा के शुभारंभ के लिए तैयार पंडाल में भाजपा के झंडे नहीं लगाए जाएंगे। मंच दो लेयर में बनाया गया है। संत ऊपर बैठेंगे और भाजपा नेता दूसरी पंक्ति में रहेंगे। सभा में राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुग, पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, सह प्रभारी वरिंदर सचदेवा तथा प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों सहित कई नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को साल भर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है।
