ऊना। सोशल मीडिया पर घर बैठे कमाई के आकर्षक ऑफर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पुलिस थाना अम्ब के तहत सामने आया है, जहां शातिरों ने एक महिला को इंस्टाग्राम पर विज्ञापन दिखाकर करीब 10 लाख रुपये की चपत लगा दी। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि मार्च 2026 में उसने इंस्टाग्राम पर घर बैठे पैसे कमाने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए संपर्क के माध्यम से उसने बातचीत की और बताए गए तरीके के अनुसार काम करना शुरू कर दिया।
इसके बाद अगस्त 2026 में उसे 70 हजार रुपये में आईफोन खरीदने का ऑफर दिया गया, जिसे उसने बुक कर लिया। महिला के अनुसार, आईफोन दिलाने के नाम पर शातिरों ने अलग-अलग फोन कॉल और वीडियो दिखाकर उसे अपने जाल में फंसाया तथा विभिन्न बैंक खातों में करीब 10 लाख रुपये जमा करवा लिए। काफी रकम गंवाने के बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
