गुरदासपुरः जिले में ड्यूटी से लौट रहे पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या करने में नया मोड़ सामने आया है। दरअसल घटना से पहले की एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। जिसमें पहले हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार लिफ्ट दी गई थी। सोशल मीडिया पर प्रसारित विनोद की हत्या से पहले के सीसीटीवी फुटेज में 2 लोग उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाते दिख रहे हैं। पुलिस के अनुसार, विनोद ने मोटरसाइकिल सवारों से लिफ्ट ली थी और उन्होंने बाद में उनके सिर में गोली मारी। हालांकि अपहरण की बात सामने नहीं आई है।
पिछले केसों में भी देश विरोधी तत्व शामिल रहे हैं, जिसके चलते आतंकी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। पूरे पंजाब में हाई अलर्ट कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। दरअसल, विनोद का शव रविवार रात गांव मान कौर के पास अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर खून से लथपथ मिला। सिर में गोली लगी होने के निशान हैं। डीजीपी लॉ एंड आर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि हत्या गोली मारकर की गई है। आतंकी घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर विनोद की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
कृष्णा नगर निवासी मां कुंती देवी ने बताया कि विनोद थाना सुजानपुर में तैनात थे। परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी। रविवार रात करीब सवा नौ बजे विनोद ने अपने भाई राम लाल को फोन कर बताया कि वह पुराना शाला के पास पहुंच गए हैं। उन्होंने 15 मिनट बाद बाइपास से लेने आने को कहा। राम लाल वहां पहुंचे तो वह नहीं मिले। रात एक बजे उनका शव बाइपास सड़क के किनारे मिला।
वहां उनका सामान भी नहीं था। जांच अधिकारी एसआई मोहन लाल ने बताया कि प्रमोशन के बाद विनोद ट्रेनिंग सेंटर जहानखेलां गए थे और ट्रेनिंग के सिलसिले में संगरूर भेजे गए थे। रविवार देर रात गुरदासपुर लौटते समय यह घटना घटी। उधर, स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले में हम आतंकी एंगल की आशंका से भी इनकार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच के अनुसार, आरोपी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे, और जबरन अपहरण का कोई सबूत नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि हमारी जांच के मुताबिक, वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। सिन्हा ने कहा कि पिछले मामलों को देखते हुए, इसमें देश-विरोधी तत्वों के शामिल होने की संभावना की भी जांच की जा रही है। प्रवीण सिन्हा ने कहा कि चूंकि हमने पिछले मामलों में देश-विरोधी तत्वों की संलिप्तता देखी है, इसलिए हम किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रहे हैं। यह निजी रंजिश थी या देश-विरोधी तत्वों के इशारे पर किया गया काम, यह मामला सुलझने और जांच के दौरान और जानकारी सामने आने पर ही स्पष्ट हो पाएगा।
