जालंधरः रामामंडी के ढिल्लवां चौक पर उस समय हंगामा हो गया, जब एक लड़की के परिजनों ने शादी से मुकरने वाले एनआरआई लड़के के खिलाफ रोष जताते हुए प्रदर्शन किया। हंगामे के चलते चौक पर लंबा जाम लग गया और आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, लद्दोवाल की रहने वाली एक लड़की का रिश्ता एनआरआई लड़के के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत आगे बढ़ चुकी थी। बताया जा रहा है कि इस रिश्ते को लेकर प्री-वेडिंग शूट भी हो चुका था। लेकिन बाद में लड़के ने शादी करने से इनकार कर दिया।
शादी से मुकरने पर लड़की के परिजनों ने जताया रोष
लड़के के शादी से इनकार करने के बाद लड़की के परिजन नाराज हो गए। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर रामामंडी के ढिल्लवां चौक पर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर मामला शांत करवाने और यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल परिजन लड़के के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
