जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत देहात पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर के कब्जे से 668 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसी के साथ वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल नंबर PB-06-BQ-2761 भी बरामद किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय बूटा सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी गांव मुन्नन, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है। यह कार्रवाई सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर पुष्प बाली की अगुवाई में की गई।
इस संबंध में प्रेस को जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि इंस्पेक्टर पुष्प बाली की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के बाहर के कुछ नशा तस्कर भोगपुर क्षेत्र में बड़े स्तर पर हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर दिनांक 14 नवंबर 2026 को एएसआई सुभाष कुमार के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ की टीम को भोगपुर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के लिए रवाना किया गया। जब पुलिस पार्टी आदमपुर से भोगपुर की ओर गश्त करती हुई जालंधर-पठानकोट मुख्य मार्ग पर गांव कुरेशियां के नजदीक पहुंची तो सड़क किनारे एक सुनसान स्थान पर काले रंग की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस की गाड़ी को देखकर वह घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस पार्टी ने काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम बूटा सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी गांव मुन्नन, थाना भैणी मियां खान, जिला गुरदासपुर बताया। उसकी मोटरसाइकिल नंबर PB-06-BQ-2761, मार्का प्लेटिना, काले रंग की तलाशी लेने पर सीट के नीचे से 668 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में मुकदमा नंबर 237 दिनांक 14 नवंबर 2026, धारा 21/C-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना भोगपुर में दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी बूटा सिंह ने बताया कि उसने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और इसके बाद मजदूरी करने लगा था। वह पुलिस भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। उसके खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं तथा वह वर्ष 2024 में जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद जल्दी अमीर बनने की चाहत में उसने हेरोइन का कारोबार शुरू कर दिया। वह सीमावर्ती क्षेत्र से सस्ते दामों पर हेरोइन खरीदकर भोगपुर और जालंधर के आसपास के कस्बों में सप्लाई करता था।
आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे बरामद हेरोइन के स्रोत, इसकी सप्लाई किए जाने वाले व्यक्तियों तथा पहले की गई सप्लाई के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। इसके अलावा आरोपी द्वारा नशा तस्करी के माध्यम से कथित तौर पर अर्जित की गई चल और अचल संपत्तियों को अटैच करने के लिए भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उसके आगे-पीछे के संबंधों की भी जांच की जा रही है।
