जालंधर, ENS: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सिसायत गरमा गई है। वहीं भाजपा की पंजाब में डेरों पर नजर है। ऐसे में आज राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने चंडीगढ़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के आवास का दौरा किया। इस अवसर पर, केवल सिंह ढिल्लों और उनके परिवार ने बाबा जी का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को दौरे पर आएंगे।
इस दौरान वह जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां के पास आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘समरसता यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नितिन नवीन के दौरे को लेकर पार्टी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जनसभा के लिए डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक गांव रायपुर रसूलपुर में विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इसमें 50 से 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। कुर्सियों और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था कर ली गई है। दावा है कि 17 नवंबर की रात 8 बजे तक पंडाल तैयार हो जाएगा।
नितिन नवीन जनसभा के बाद ‘समरसता यात्रा’ को रवाना करेंगे। संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित यह यात्रा जालंधर से शुरू होकर 5 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में संपन्न होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान 46 प्रमुख शहरों को कवर कर सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। पंजाब की राजनीति में रविदासिया समुदाय का महत्वपूर्ण स्थान है।
15वीं शताब्दी के संत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का अनुसरण करने वाले इस समुदाय का सबसे बड़ा आध्यात्मिक केंद्र जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां है। डेरे का सामाजिक और क्षेत्रीय राजनीति पर भी प्रभाव माना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हाल ही में यहां आ चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा समेत सभी प्रमुख दल इस समुदाय से जुड़ने की कोशिश करते रहे हैं। ऐसे में नितिन नवीन का यह दौरा और समरसता यात्रा राज्य में पार्टी के जनसंपर्क अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
