शिमलाः हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में परीक्षा देने के बहाने घर से निकलीं दो सहेलियों के परिजनों को उनके घुमारवीं में होने का पता चलने के बाद दोनों ने कथित तौर पर एक नहर में छलांग लगा दी। इस घटना में एक लड़की की मौत हो गई, जबकि दूसरी लापता है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार को घुमारवीं में हुई।
पुलिस के अनुसार दोनों लड़कियों ने शनिवार को अपने परिजनों को बताया था कि वे परीक्षा देने सुंदरनगर जा रही है। हालांकि, रविवार को परिजनों को पता चला कि दोनों घुमारवीं में हैं। जिसके बाद उनके परिवार के सदस्य भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि परिजनों को देखकर दोनों लड़कियों ने जलधारा में छलांग लगा दी और तेज बहाव में बह गईं। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग के कर्मियों के साथ बचाव अभियान शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से बचाव दल एक लड़की का शव बरामद करने में सफल रहा। शव को पास के अस्पताल ले जाया गया। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि दूसरी लड़की की तलाश जारी है।
