शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के लोगों, विशेषकर युवाओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान की इस निर्णायक लड़ाई में बड़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
यह वॉकाथॉन मंडी के पड्डल मैदान से शुरू होकर बस स्टैंड तथा सेरी मंच की ओर बढ़ी और वापस पड्डल मैदान में समाप्त हुई। इस आयोजन में पूरे जिले से बड़ी संख्या में छात्रों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्पमंत्री ने प्रतिभागियों को एंटी चिट्टा शपथ दिलवाई और उन्हंे सतर्क रहकर नशे के खिलाफ इस अभियान में योगदान देने का आह्वान किया।

पड्डल मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ निरन्तर सख्त कदम उठाना सुनिश्चित कर रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल सरकार और पुलिस की कार्रवाई से इस समस्या का पूरा समाधान नहीं हो सकता है इसके लिए समाज के हर वर्ग का सक्रिय सहयोग जरूरी है।
उन्होंने आह्वान किया कि वह चिट्टे की बिक्री या नशे से जुड़ी अन्य गतिविधियों को देखकर चुप न रहें बल्कि आपातकालीन टोल फ्री नम्बंर 112 के माध्यम से अधिकारियों के साथ विश्वसनीय जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ सटीक जानकारी देने वालों को पुरस्कृत करने का प्रावधान भी किया है।
